राहों में कंकर हैं तो क्या हो सकता है
आगे बढ़ कर देखो रिक्शा हो सकता है
जितना ख़ुश रहते हैं हम उतना है जीवन
सारा जीवन भी इक लम्हा हो सकता है
तुम ने क्या क्या बोला है अब तुम ही समझो
वो लड़का अंदर से बच्चा हो सकता है
रख ली दिल में बातें तब हम ने ये जाना
आँखों से लफ़्ज़ों का रस्ता हो सकता है
प्यार निभाने से तो सारे दूर हुए हैं
नफ़रत कर के शायद रिश्ता हो सकता है
सहरा को तो पानी देता है ये सूरज
सागर पानी पानी प्यासा हो सकता है
दिल ने बोला वो मुझ से मिलने आए थे
आँखें कहती हैं वो सपना हो सकता है
मैं तो उन का ख़ास नहीं पर ये मुमकिन है
उन के दिल में मेरा कमरा हो सकता है
तेरे हाथो पर हाँ मेरी मेहँदी होगी
मेरे सिर पर तेरा सेहरा हो सकता है
मरहम ने तो काम किया है ऊपर ऊपर
घाव मगर उस से भी गहरा हो सकता है
जितने बिछड़े हैं और उन
में भी ज़िंदा हैं
उन का जीना भी तो मरना हो सकता है
जिन के पैर नहीं जुरअत करते हैं, कोई
दोनों पैरों से भी लँगड़ा हो सकता है
तुझ को इक दिन मरना है तो कुछ ऐसे मर
तू झंडे में भी तो लिपटा हो सकता है
क्या कहते हो दस ओवर में सौ रन पर हैं
ध्यान से देखो रोहित शर्मा हो सकता है















