जो हुस्न-ओ-मोहब्बत का तलबगार नहीं है
दुनिया में कोई ऐसा समझदार नहीं है
दुख है मैं मिलाता हूँ मेरे यार को सब से
उस पर कि मेरा यार वफ़ादार नहीं है
जो इश्क़ में है उस को सज़ाऍं ही मिलेंगी
जो क़त्ल करेगा वो गुनहगार नहीं है
मैं आइने में उस को नहीं देख सकूँगा
वो जो मिरा क़ातिल है गिरफ़्तार नहीं है
हम वक़्त से भी तेज़ नहीं भाग सकेंगे
इस ज़िंदगी की इतनी भी रफ़्तार नहीं है
वो कार-ए-वफ़ा से ही मगर सच में मरेगा
वो बा-वफ़ा है कोई अदाकार नहीं है
ये ज़ख़्म-ए-तमन्ना है मेरी जान का दुश्मन
कोई भी दवा इस पे असरदार नहीं है
हैरत है यहाँ मेरा ख़सारा नहीं होता
इस शहर में क्यूँ हुस्न का बाज़ार नहीं है
वो तर्क-ए-त'अल्लुक़ के मवाक़े नहीं देता
वो रिश्ता निभाने को भी तैयार नहीं है
अब उस के लिए इश्क़ बचा ही नहीं तुझ में
तू यार 'भुवन' इस लिए बीमार नहीं है















