Darpan
Darpan
Ghazal

बदन मरहूम हो जाने पे भी आवाज़ आती है ,

कफ़न से रूह की इक सरसरी आवाज़ आती है

जिसे सुन कर परिंदों के गले भी सूख जाते हैं,
शजर के पास ऐसे ज़ब्त की आवाज़ आती है

हर इक मंज़र किसी आवाज़ का ही तर्जुमा तो है,
पढ़ो तो काग़ज़ों से काग़ज़ी आवाज़ आती है

सदा का रब्त गहरी..ठेठ.. गहरी ख़ामुशी से है,
ख़ला को सुन के देखा.. वाक़ई.. आवाज़ आती है..

हवेली को तो सब ने मिल के वीराना बना डाला,
मगर वो दर जहाँ से आज भी आवाज़ आती है ?

वो इक बुत बोलता तो है मगर अपनी सहूलत से,
कभी पत्थर का होता है कभी आवाज़ आती है

फ़िज़ा से इल्तिजा है अब नई तरतीब से गूँजे,
कई बरसों से वो ही आ चुकी आवाज़ आती है..

इबादत में ख़ुदा हो ख़ुश तो 'दर्पन'.. फूल गिरते हैं,
ग़ज़ल में मीर तक़ी मीर की आवाज़ आती है

— Darpan

More by Darpan

Other ghazal from the same pen

See all from Darpan →

Similar writers

Voices in the same orbit

Browse by mood

Poetry by feeling