मैं ने भी नज़रें झुका लीं उस ने भी पर्दा किया
फिर भी जाने क्यूँ ज़माने ने हमें रुसवा किया
आते जाते मेरा उन से हो गया जब सामना
दिल बहुत ज़ोरों से धड़का हाथ से थामा किया
अक़्ल ने रोका बहुत लेकिन ये दिल माना नहीं
हम ने फिर उन से किसी इतवार का वा'दा किया
ग़ैर से हो क्या गिला अपनों ने आँखें फेर लीं
सोचते ही रह गए ऐसा भी हम ने क्या किया
चलते कितनी दूर तक मंदिर में माथा टेकने
घर से मस्जिद पास थी हम ने वहीं सजदा किया
मज़हब इक ऐसा भी हो जो आदमियत ही सिखाए
पढ़ के पंडित मौलवी मुल्ला बने तो क्या किया
जो भी करना था सबा करते रहे हम बे-झिझक
नुक्ता-चीं कहते रहे ऐसा किया वैसा किया
— divya 'sabaa'















