आँसुओं से ही गुज़ारा कर लिया है
इश्क़ में इतना ख़सारा कर लिया है
ख़ुद को हम बर्बाद करना चाहते थे
और फिर सारा का सारा कर लिया है
काँप उठ्ठा है बदन इक नाम सुनके
मौत ने या'नी इशारा कर लिया है
पाँव रखने की ज़मीं थी ही नहीं ये
फिर भी दलदल को किनारा कर लिया है
उस को भी हम से मोहब्बत हो गई है
मौत को हम ने हमारा कर लिया है
फिर से ये दिल टूट सकता है हमारा
इश्क़ हम ने फिर दुबारा कर लिया है
— Bhuwan Singh















