दोस्ती के नाम पर एहसान कर के देखिए
आप भी सब की तरह अपमान कर के देखिए
तिश्नगी गर हो तो दरिया ख़ुद ब ख़ुद मिलता है क्या
उस को पाना है तो कुछ कुर्बान कर के देखिए
बात कोई भी अगर मनवाने की ख़्वाहिश हो तो
बात वाजिब वक़्त के दौरान कर के देखिए
दिल में तो आ जाते पर रस्ता बहुत मुश्किल लगा
दिल का ये रस्ता कभी आसान कर के देखिए
सब गँवा देंगे अभी भुगतान करने के लिए
आप हम पर इश्क़ का चालान कर के देखिए
— Divyansh "Dard" Akbarabadi















