कितनी अच्छी प्यारी बाजी
प्यारी प्यारी प्यारी बाजी
अच्छे अच्छे गीत सुनाए
प्यारे प्यारे गीत सुनाए
एक था राजा एक थी रानी
रोज़ कहे दिलचस्प कहानी
बूझे है दिलचस्प पहेली
अच्छी दोस्त है प्यारी सहेली
कितने क़िस्से याद हैं उस को
ख़ूब लतीफ़े याद हैं उस को
मुझ को ख़ूब हँसाए बाजी
रोऊँ तो बहलाए बाजी
कितनी अच्छी प्यारी बाजी
प्यारी प्यारी प्यारी बाजी
गुड़िया का जब ब्याह रचाए
सब बच्चों को साथ खिलाए
बाग़ में जा कर झूला झूले
मौज में आ कर डाली छू ली
खेले मिल-जुल आँख-मिचोली
बोले सब से प्यार की बोली
खेले पर स्कूल से पहले
रुक जाए हर भूल से पहले
पढ़ने में होशियार है बाजी
खेल में भी तय्यार है बाजी
कितनी अच्छी प्यारी बाजी
प्यारी प्यारी प्यारी बाजी
मुखड़ा उस का भोला-भाला
दाँत उस के मोती की माला
हँस दे तो फुल-झड़ियाँ छूटे
बात करें खुल जाए बूटे
प्यारी प्यारी बातें उस की
रहबर सारी बातें उस की
सब को अच्छी बात बताए
सब को सच्ची बात सिखाए
सच्ची चाह जताए बाजी
सीधी राह दिखाए बाजी
कितनी अच्छी प्यारी बाजी
प्यारी प्यारी प्यारी बाजी
Our suggestion based on your choice
our suggestion based on Haidar Bayabani
As you were reading Bachpan Shayari Shayari