फिर से वो याद आई मुझे कुछ दिन गुज़र जाने के बा'द
सिगरेट की अब फिर से तलब उठने लगी खाने के बा'द
ये रीत तो चलती रहेगी आशिक़ी में मौत की
आशिक़ तो होंगे और भी फिर तेरे दीवाने के बा'द
देखो मेरे कुर्ते पे तुम गिरने न दो इक बूँद भी
घर भी मुझे जाना है वापिस यार मयख़ाने के बा'द
ग़मगीन हैं जो लोग ये आँखें मिरी नम देख कर
कह दे इन्हें साँस आएगी मुझ को तिरे आने के बा'द
मंदिर कभी मस्जिद कभी फिर टूट कर मयख़ाने में
ढूँढा तुझे हर इक जगह तेरे चले जाने के बा'द
तेरे लिए सब कुछ जला दूँ तो भी मुझ को ग़म नहीं
बस इक दिया जलता रहेगा दुनिया बुझ जाने के बा'द
सब भूल जाएँगे मिरा लिक्खा मगर तुम देखना
शे'र इक न इक ज़िंदा रहेगा मेरे मर जाने के बा'द
Read Full