मुझे अपना बनाया है किसी ने
मुझे जीना सिखाया है किसी ने
सितारों में मिरा ही नाम लिख के
मुझे क़िस्मत बताया है किसी ने
मिरे लफ़्ज़ों में जादू भर गया है
मुझे लिखना सिखाया है किसी ने
मैं उन सारिक़-गरों से पूछता हूँ
कि मेरा दिल चुराया है किसी ने
मिरी तन्हाइयों में रौशनी है
चराग़-ए-दिल जलाया है किसी ने
न जाने किस दुआ का था असर वो
मुझे अपना बनाया है किसी ने
— Kasim Memon















