मेरे ख़यालों में खोया हो ऐसा भी हो सकता है
या फिर वो कुछ सोच रहा हो ऐसा भी हो सकता है
इक चेहरे पर इक चेहरा हो ऐसा भी हो सकता है
या फिर ये उस का चेहरा हो ऐसा भी हो सकता है
उस के दिल में हो सकता है हो सारी दुनिया का ख़याल
या फिर मेरा नाम लिखा हो ऐसा भी हो सकता है
उस ने दिल का हाल जो पूछा दिल कितना ख़ुश-बाश हुआ
वो इस दिल से खेल रहा हो ऐसा भी हो सकता है
अपनी हर तस्वीर में कितना हँसता है 'आवेस' मगर
ये सब आँखों का धोका हो ऐसा भी हो सकता है
— Adv Aaves Shaikh















