"अधूरी कहानी"
मोहब्बत अधूरी कहानी है तुम बिन
अधूरी अधूरी जवानी है तुम बिन
मेरे दिल पे तुम हाथ धर के तो देखो
ये धड़कन पुरानी पुरानी है तुम बिन
मुझे कुछ भी दे दो मगर मैं न लूँगा
मुझे तुम मिलोगे जभी मैं हँसूँगा
हुई हैं मिरे हक़ में सब की दुआएँ
मदीने से आने लगी हैं सदाएँ
अधूरी मिरी हर निशानी है तुम बिन
मोहब्बत अधूरी कहानी है तुम बिन
तुम्हीं ने मुझे दिल चुराना सिखाया
तुम्हीं ने मुझे इतना ज़िद्दी बनाया
मिरे पास बैठो कहीं भी न जाओ
मिरे साथ में अब चलो घर बसाओ
अधूरी मिरी ज़िंदगानी है तुम बिन
मोहब्बत अधूरी कहानी है तुम बिन
मुझे साँस भी कल तुम्हीं ने तो दी थी
वगरना मिरी ज़िंदगी ही नहीं थी
चलो हाथ पकड़ो गले से लगाओ
मोहब्बत हो मेरी सभी को बताओ
वफ़ा की अधूरी कहानी है तुम बिन
मोहब्बत अधूरी कहानी है तुम बिन
तुम्हें देखने से सहर मेरी होती
तुम्हें देखने से मिरी शाम होती
तुम्हीं को ख़यालों में ढूँढा करूँ मैं
तुम्हारे ही दिल की गली में रहूँ मैं
अधूरा इन आँखों का पानी है तुम बिन
मोहब्बत अधूरी कहानी है तुम बिन
कहीं ये न हो ग़ैर दिल में बसा लो
मिरी बारी आए तो नज़रें घुमा लो
मिरे साथ होगे सलामी करेगा
ये चंदा तुम्हारी ग़ुलामी करेगा
अधूरा बदन ये जवानी है तुम बिन
मोहब्बत अधूरी कहानी है तुम बिन















