khaali hua gilaas nasha sar men aa gaya | ख़ाली हुआ गिलास नशा सर में आ गया

  - Afzaal Naveed

ख़ाली हुआ गिलास नशा सर में आ गया
दरिया उतर गया तो समुंदर में आ गया

यकजाई का तिलिस्म रहा तारी टूट कर
वो सामने से हट के बराबर में आ गया

जा कर जहाँ पे रक्खा था होना किया दुरुस्त
इतना सा काम कर के मैं पल भर में आ गया

लेकिन बड़ाई का कोई एहसास कब रहा
चक्कर था दुनिया-दारी का चक्कर में आ गया

आ जा के मुनहसिर रहा निगरानी पर तमाम
अक्सर से जा रहा कभी अक्सर में आ गया

यक गोशा-ए-वजूद में रक्खा क़याम कुछ
बाहर बड़ा फ़साद था सो घर में आ गया

टूटा कहीं से और गिरा सहन में मिरे
सारा परिंदा यूँँ लगा इस पर में आ गया

आवाज़ दूँगा साथ मिरे आ सको तो आओ
थोड़ा जो और हालत-ए-बेहतर में आ गया

दुनिया के ख़्वाब देखते गुज़रा तमाम रोज़
उठते ही ख़्वाब-ए-अस्ल से दफ़्तर में आ गया

जागूँगा जब सदा-ए-उलूही सुनूँगा कुछ
जानूँगा जब परिंदा सनोबर में आ गया

शायद नज़ारे की यही बे-हय्यती रही
मंज़र से जाने पर कोई मंज़र में आ गया

हिलना पड़े न ताकि किसी रंज पर मुझे
सारे का सारा मैं किसी पत्थर में आ गया

ख़ुद को क़याम करने पे तर्ग़ीब दूँगा मैं
कोई जो इस्म कल मिरे मंतर में आ गया

बे-मर्तबा भी साँस का लेना गिराँ न था
तक़्दीस का ख़याल मुक़द्दर में आ गया

बाज़ार में निगाह न दिल पर पड़ी तिरी
नायाब जिंस-ए-दहर था वाफ़र में आ गया

सय्यारगाँ तो अपनी रविश पर थे गामज़न
लेकिन 'नवेद' तू कहाँ चक्कर में आ गया

  - Afzaal Naveed

Dariya Shayari

Our suggestion based on your choice

More by Afzaal Naveed

As you were reading Shayari by Afzaal Naveed

Similar Writers

our suggestion based on Afzaal Naveed

Similar Moods

As you were reading Dariya Shayari Shayari