आँखों को उस के ख़्वाब का हासिल दिखाएँगे
तुझ को सजा के ख़्वाब की ता'बीर लाएँगे
बीनाई इंतिज़ार की सूरत बनेगी देख
आँखों को इंतिज़ार के क़ाबिल बनाऍंगे
वहशत से दूर रक्खेंगे हम अपनी दास्ताँ
दुनिया को दोस्ती के मआ'नी बताएँगे
इक रोज़ रहमतों को तेरे सर करेंगे हम
इक रोज़ तेरे नाम का बादल बनाएँगे
जो हम से आश्ना रहे हम उन की क़ब्र पर
हर दिन दिया जलाएँगे आँसू बहाएँगे
सहरा में आज़माई है उस ने इबादतें
हम आने वाली नस्ल को ज़मज़म पिलाएँगे
जितनी हसीन दिखती है उतनी नहीं है ये
मिट्टी की काएनात को जन्नत बनाएँगे
मफ़्हूम से ही जिस के ये दिल ख़ौफ़ खाता है
'सय्यद' वो इक ग़ज़ल भला कैसे सुनाएँगे
— Aves Sayyad















