उल्फ़त न सही दिल को जलाने के लिए आ

आ फिर से मिरा नफ़्स मिटाने के लिए आ

तुझ से मुझे अब कोई शिकायत भी नहीं है
बस एक झलक अपनी दिखाने के लिए आ

मुद्दत से मिरी आँख में ठहरा हुआ सहरा
इस रेत को अब आब बनाने के लिए आ

दिल है मिरा वीरान चराग़ों को ख़बर दें
इक शम्अ यहाँ फिर से जलाने के लिए आ

हम ख़ाक-नशीं तुझ को भुला भी नहीं पाए
आ तू भी कभी ख़ाक उड़ाने के लिए आ

कब से मिरी साँसों में तेरा नाम है अटका
इक बार इसे लब पे सजाने के लिए आ

ये हिज्र की शब और भी तूलानी हुई है
तू चाँद सा चेहरा ये दिखाने के लिए आ

'रेहान' की आँखों में है अब तक तिरी सूरत
इक ख़्वाब को ताबीर दिलाने के लिए आ

— REHAN KHAN

More by REHAN KHAN

Other ghazal from the same pen

See all from REHAN KHAN →

Similar writers

Voices in the same orbit

Browse by mood

Poetry by feeling