ग़लती से आख़िर को पहला समझा था
मैं ने तुम को अच्छा लड़का समझा था
तुम कहते तो सब कुछ छोड़ के आ जाती
उस लड़की ने तुम को अपना समझा था
फिर उन की नस्लों में मजनूँ ही आए
जिन लोगों ने प्यार को हल्का समझा था
उस ने एक गुड़िया की इज़्ज़त लूटी है
माँ ने जिस को राज दुलारा समझा था
और इक दिन 'जाफ़र' भी इश्क़ में हार गया
ख़ुद को इसने चाँद सितारा समझा था
— Jaffer Imam















