हर पहर हर वक़्त मौसम हर घड़ी तेरे लिए
जी रहा हूँ मैं यहाँ बस ज़िन्दगी तेरे लिए
दिल-लगी को छोड़ मुझ को काम कुछ आता नहीं
सो यहाँ मैं कर रहा हूँ शा'इरी तेरे लिए
मुफ़लिसी में क़ीमती आँसू तू मत बर्बाद कर
तोड़ दे रिश्ता यही है बेहतरी तेरे लिए
थी नहीं जो ग़लतियाँ वो मान ली मैं ने यहाँ
इस तरह भी है जताई सादगी तेरे लिए
और भी तो लोग होंगे यार तुझ से आश्ना
मैं भला कब तक रहूँगा आख़िरी तेरे लिए
तू कभी तो कर ज़बाँ से इक दफ़ा इकरार फिर
'वीर' कर लेगा सभी से दुश्मनी तेरे लिए
— Ravi 'VEER'















