koi haseen hai mukhtar-e-kaar-khaana-e-ishq | कोई हसीन है मुख़्तार-ए-कार-ख़ाना-ए-इश्क़

  - Ahmad Husain Mail

कोई हसीन है मुख़्तार-ए-कार-ख़ाना-ए-इश्क़
कि ला-मकाँ ही की चौखट है आस्ताना-ए-इश्क़

निगाहें ढूँढ रही हैं दिल-ए-यगाना-ए-इश्क़
इशारे पूछ रहे हैं कहाँ है ख़ाना-ए-इश्क़

फिरेंगे हश्र में गर्द-ए-दिल-ए-यगाना-ए-इश्क़
करेंगे पेश-ए-ख़ुदा हम तवाफ़-ए-ख़ाना-ए-इश्क़

नई सदा हो नए होंठ हों नया लहजा
नई ज़बाँ से कहूँ गर कहूँ फ़साना-ए-इश्क़

जो मौलवी हैं वो लिक्खेंगे कुफ़्र के फ़तवे
सुनाऊँ सूरत-ए-मंसूर अगर तराना-ए-इश्क़

अगर लगे तो लगे चोट मेरे नाले की
अगर पड़े तो पड़े दिल पे ताज़ियाना-ए-इश्क़

जो डाल दें उसे पत्थर पे भी फले-फूले
दरख़्त-ए-तूर बने सब्ज़ हो के दाना-ए-इश्क़

तुम्हीं कहो जो लुटा दें तो कौन ख़ाली हो
ख़ज़ाना हुस्न का अफ़्ज़ूँ है या ख़ज़ाना-ए-इश्क़

वो रात आए कि सर तेरा ले के बाज़ू पर
तुझे सुलाऊँ बयाँ कर के मैं फ़साना-ए-इश्क़

वो दर तक आते नहीं दर से हम नहीं उठते
उधर बहाना-ए-हुस्न और इधर बहाना-ए-इश्क़

सिखाई किस ने ये रफ़्तार मेरे नाले को
कमर की तरह लचकता है ताज़ियाना-ए-इश्क़

किसी को प्यार करेगा शबाब में तू भी
तिरे भी घर में जलेगा चराग़-ए-ख़ाना-ए-इश्क़

जो ख़ुश-नवीस मिले कोई देंगे दिल अपना
हम इस किताब में लिखवाएँगे फ़साना-ए-इश्क़

गए हैं वो मिरी महफ़िल में भूल कर रूमाल
ये जा-नमाज़ बिछा कर पढ़ूँ दोगाना-ए-इशक़

किसी के हुस्न ने काफ़िर बना दिया 'माइल'
लगा के क़श्क़ा-ए-दुर्द-ए-शराब-ख़ाना-ए-इश्क़

  - Ahmad Husain Mail

haseen Shayari

Our suggestion based on your choice

More by Ahmad Husain Mail

As you were reading Shayari by Ahmad Husain Mail

Similar Writers

our suggestion based on Ahmad Husain Mail

Similar Moods

As you were reading haseen Shayari Shayari