जब से बाँधा है तसव्वुर उस रुख़-ए-पुर-नूर का
सारे घर में नूर फैला है चराग़-ए-तूर का
बख़्त-ए-वाज़ूँ से जले क्यूँँ दिल न मुझ महरूर का
मर्हम-ए-काफ़ूर से मुँह आ गया नासूर का
इस क़दर मुश्ताक़ हूँ ज़ाहिद ख़ुदा के नूर का
बुत भी बनवाया कभी मैं ने तो संग-ए-तूर का
तुझ को लाए घर में जन्नत को जलाया रश्क से
हम-बग़ल तुझ से हुए पहलू दबाया हूर का
गोेर-ए-काफ़िर किस लिए है तीरा-ओ-तार इस क़दर
पड़ गया साया मगर मेरी शब-ए-दीजूर का
हुस्न-ए-यूसुफ़ और तेरे हुस्न में इतना है फ़र्क़
चोट ये नज़दीक की है वार था वो दौर का
क़स्र-ए-तन बिगड़ा किसी का गोरकन की बन पड़ी
घर किसी का गिर पड़ा घर बिन गया मज़दूर का
चेहरा-ए-जानाँ से शर्मा कर छुपाया ख़ुल्द में
ख़ामा-ए-तक़दीर ने खींचा जो नक़्शा हूर का
हाजत-ए-मुश्शाता क्या रुख़्सार-ए-रौशन के लिए
देख लो गुल काटता है कौन शम-ए-तूर का
ज़ुल्फ़-ओ-रू-ए-यार से नैरंग-ए-क़ुदरत है अयाँ
महर के पंजे में है दामन शब-ए-दीजूर का
ख़ाकसारी कर जो हो मंज़ूर आँखों में जगह
ख़ाक हो कर सुर्मा बिन जाता है पत्थर तौर का
ग़ाफ़िलों के कान कब खुलते हैं सन कर शोर-ए-हश्र
सोने वालों को जगा सकता नहीं ग़ुल दूर का
पूछ लेना सब वतन का हाल ऐ अहल-ए-अदम
बैठ लेने दो ज़रा आता हूँ उट्ठा दौर का
इज्ज़ करते हैं अदू-ए-जान से भी ख़ासान-ए-हक़
झुक गया सर आगे पा-ए-दार पर मंसूर का
मौत क्या आई तप-ए-फ़ुर्क़त से सेहत हो गई
दम निकलने से बदन ठंडा हुआ रंजूर का
जाते हैं मय-ख़ाना-ए-आलम से हम सू-ए-अदम
कह दो अज़-ख़ुद-रफ़्तगी से है इरादा दूर का
मूज़ियों को हादसों से दहर के क्या ख़ौफ़ है
बारिश-ए-बाराँ से घर गिरता नहीं ज़ंबूर का
चश्म-ए-साग़र बे-सबब हर दम लहू रोती नहीं
मुग़्बचों से साक़िया दिल फट गया अंगूर का
जाते हैं मय-ख़ाना-ए-आलम से हम सू-ए-अदम
कह दो अज़-ख़ुद-रफ़्तगी से है इरादा दूर का
की नज़र जिस पर कुदूरत से रहा ख़ामोश वो
है असर गर्द-ए-निगाह-ए-यार में सिन्दूर का
जल्वा-ए-माशूक़ हर जा है बसीरत हो अगर
किर्मक-ए-शब-ताब में आलम है शम-ए-तूर का
मर के यारान-ए-अदम के पास पहुँचूँगा 'अमीर'
चलते चलते जान जाएगी सफ़र है दूर का
Our suggestion based on your choice
As you were reading Shayari by Ameer Minai
our suggestion based on Ameer Minai
As you were reading Jalwa Shayari Shayari