किसी कमज़र्फ़ का एहसान मेरा मसअला है
अब चढ़ाई नहीं ढलवान मेरा मसअला है
ला तेरे सारे गुनाह अपनी जबीं पर लिख लूँ
छोड़ ईमान को ईमान मेरा मसअला है
मुझ को मुर्दों नहीं मर्दों की तरह देखिएगा
मैं जो ज़िंदा हूँ तो ज़िन्दान मेरा मसअला है
मेरी कोशिश है कि मैं ख़ुद से रिहा हो जाऊँ
तुम समझते हो कि निर्वान मेरा मसअला है
ख़ुद को तरतीब से रखते हुए रुक जाता हूँ
मुझ में ठहरा हुआ तूफ़ान मेरा मसअला है
मैं कि बर्बाद भी आबाद नज़र आता हूँ
नज़र आता हूँ कि पहचान मेरा मसअला है
कश्मकश हो तो मक़ामात बदल जाते हैं
यानी अब मुझ से परेशान मेरा मसअला है
जिस जगह कुछ नहीं सब कुछ है वहीं पर 'शाहिद'
अदम इमकान में इमकान मेरा मसअला है
Read Full