हमारी आँख में आया तो क्या बेकार है आँसू

तुम्हारी आँख में लेकिन सही हथियार है आँसू

नदी मिलती है दरिया से तो रोती है सिसक कर वो
तभी दरिया के खारेपन का ज़िम्मेदार है आँसू

न हम को इश्क़ होता है न कोई तोड़ता है दिल
बहुत दिन से हमारी आँख में बेज़ार है आँसू

अगर जो हुक्म दिल का हो कि झूठा मुस्कुराना है
नहीं आँखों में आता है बहुत ख़ुद्दार है आँसू

उसे आना ख़ुशी में है या उस को ग़म में आना है
नज़ाकत वक़्त की समझे सलीक़ेदार है आँसू

तेरा ग़म चाटता है मुझ को दीमक की तरह उस पर
बड़ा सा एक ग़म ये भी कि अब दुश्वार है आँसू

फ़क़त इक चोट बस कर दो हमारे दिल पे तुम साक़ी
हमेशा की तरह पाओगे फिर तैयार है आँसू

— Saket Gupta Saaki

More by Saket Gupta Saaki

Other ghazal from the same pen

See all from Saket Gupta Saaki →

Similar writers

Voices in the same orbit

Browse by mood

Poetry by feeling