पुराने फल झटक डाले थे जिन मग़रूर शाख़ों ने
न उन पर गुल कभी आए सज़ा जो दी बहारों ने
किसी के पाँव में रहना भी तन्हाई से बेहतर है
मुसाफ़िर जब नहीं आया कहा हम सेे ये रस्तों ने
खिलौने ला न पाए हम तो हम सेे हो गए ग़ुस्सा
उसूलों की यहाँ क़ीमत नहीं समझी थी बच्चों ने
जो बच्चे शहर जाएँगे न लौटेंगे कभी वापस
बताया गाँव में बिछती हुई इन तेज़ सड़कों ने
बने हैं खाद मर कर भी कि फल डाली पे आ पाएँ
दरख़्तों को बचाया है दरख़्तों के ही पत्तों ने
गए हाथों से जब बच्चे हमें ये तब समझ आया
हमें क्यूँँ डोर से बाँधा था इस घर के बुज़ुर्गों ने
Read Full