"हिंदुस्तान वाले"
मिलाकर देख तू भी हाथ हिंदुस्तान वाले हैं
नहीं आएगी तुझ पे आँच हिंदुस्तान वाले हैं
अरे इक बार हम से भी मोहब्बत देख तो कर के
अरे हम जान दे देते हैं हिंदुस्तान वाले हैं
अरे हम उँगलियों से चीर देते हैं पहाड़ों को
कि इस दुनिया में असली मर्द हिंदुस्तान वाले हैं
अगर दुश्मन भी आ जाए हमारी आस्ताँ पर तो
कलेजे से लगा लेते हैं हिंदुस्तान वाले हैं
सियासत हो बग़ावत हो मोहब्बत हो या नफ़रत हो
सभी दिल खोलकर करते हैं हिंदुस्तान वाले हैं
अरे सहराओं में भी हम गुल-ए-अहमर खिला देते
कि काँटे फूल कर देते हैं हिंदुस्तान वाले हैं
जहाँ जाते हैं हम अपनी वहाँ दुनिया बना लेते
ख़ुदा भी फैन है अपना कि हिंदुस्तान वाले हैं
हमारे जैसा बनने में गुज़र जाएगी पूरी उम्र
असम्भव हम करें सम्भव कि हिंदुस्तान वाले हैं
फ़क़ीरों को ग़रीबों को अरे दिल में बिठा लेते
नहीं करते कोई भी फ़र्क हिंदुस्तान वाले हैं
अरे हम जीत लेते जंग ऐसे ही निगाहों से
हटा ले इक तरफ़ बंदूक हिंदुस्तान वाले हैं
हमारे काँधे पे रख कर चलाते हैं सभी बंदूक
हमारी साँस पे ज़िंदा हैं हिंदुस्तान वाले हैं















