badan se rishta-e-jaan mo'tabar na tha meraa | बदन से रिश्ता-ए-जाँ मो'तबर न था मेरा

  - Akbar Hyderabadi

बदन से रिश्ता-ए-जाँ मो'तबर न था मेरा
मैं जिस में रहता था शायद वो घर न था मेरा

क़रीब ही से वो गुज़रा मगर ख़बर न हुई
दिल इस तरह तो कभी बे-ख़बर न था मेरा

मैं मिस्ल-ए-सब्ज़ा-ए-बेगाना जिस चमन में रहा
वहाँ के गुल न थे मेरे समर न था मेरा

न रौशनी न हरारत ही दे सका मुझ को
पराई आग में कोई शरर न था मेरा

ज़मीं को रू-कश-ए-अफ़्लाक कर दिया जिस ने
हुनर था किस का अगर वो हुनर न था मेरा

कुछ और था मिरी तश्कील ओ इर्तिक़ा का सबब
मदार सिर्फ़ हवाओं पे गर न था मेरा

जो धूप दे गया मुझ को वो मेरा सूरज था
जो छाँव दे न सका वो शजर न था मेरा

नहीं कि मुझ से मिरे दिल ने बे-वफ़ाई की
लहू से रब्त ही कुछ मो'तबर न था मेरा

पहुँच के जो सर-ए-मंज़िल बिछड़ गया मुझ से
वो हम-सफ़र था मगर हम-नज़र न था मेरा

इक आने वाले का मैं मुंतज़िर तो था 'अकबर'
हर आने वाला मगर मुंतज़िर न था मेरा

  - Akbar Hyderabadi

Dhoop Shayari

Our suggestion based on your choice

More by Akbar Hyderabadi

As you were reading Shayari by Akbar Hyderabadi

Similar Writers

our suggestion based on Akbar Hyderabadi

Similar Moods

As you were reading Dhoop Shayari Shayari