इश्क़ की पेचीदगी में हम उलझ कर रह गए
हँसते हँसते हर सितम को ख़ामोशी से सह गए
हम को सब मालूम था अहद-ए-वफ़ा को चुप रहे
और जो अनजान थे वो हम को क्या क्या कह गए
था गुमाँ हम को बहुत हैं चाहने वाले हमें
वक़्त पर सब ताश के पत्तों के जैसे ढ़ह गए
चार दिन की ज़िन्दगी में चार सौ आशिक़ मिले
हम मगर उन के बिना फिर भी अकेले रह गए
उन के कूचे से जो गुज़रे कल महीनों बा'द हम
आँख से अफ़सोस के आँसू अचानक बह गए
एक वो जिन की गली में हर पहर हलचल रही
एक हम जो ख़ुद से मिलने को तरसते रह गए
हम नशे में भी बिगड़ पाए नहीं उन पर कभी
होश में भी वो मगर हम को बहुत कुछ कह गए
बस तुम्हारी शा'इरी में दर्द ज़िन्दा रखने को
क्या ख़बर 'रेहान' कितनी ज़िल्लतें हम सह गए















