बांट डाले ऐसे हम ने दिल के टुकड़े काट कर
जन्मदिन पे बांटते हैं केक जैसे काट कर
इक अँगूठी ले न पाएँ उतने में उस के लिए
जोड़ रक्खे थे जो पैसे ज़ेब खर्चे काट कर
हम नदी के दो किनारे मिलना तो मुमकिन नहीं
पर मिलेंगे एक दिन दोनों किनारे काट कर
हौसलों पे उन परिंदों के न करना शक कभी
है रिहा होना जिन्हें पिंजरा परों से काट कर
इश्क़ जिस
में ना बिछड़ने का ज़रा भी डर रहे
खेलना है खेल पर साँपों के खाने काट कर
ज़िन्दगी से ऐसे काटा सीन उस ने इश्क़ का
देखता है कोई जैसे फ़िल्म गाने काट कर
— Ankit Maurya















