सुन लो एक कहानी बच्चो सुन लो एक कहानी
तीन बरस की इक बच्ची है नाम है जिस का पूनम
लेकिन सब बच्चों ने उस का नाम रखा है रानी
सुन लो एक कहानी बच्चो सुन लो एक कहानी
उस के सर की टोपी लाल है बूट हैं उस के काले
कोट है उस का रंग-बिरंगा कुर्ता उस का धानी
सुन लो एक कहानी बच्चो सुन लो एक कहानी
बिस्कुट के धोके में रानी खा जाती है रोटी
दूध के धोके में वो अक्सर पी जाती है पानी
सुन लो एक कहानी बच्चो सुन लो एक कहानी
छेड़ती है वो हर इक शय को जो भी सामने आए
रेडियो हो या हीटर हो या हो वो चीनी-दानी
सुन लो एक कहानी बच्चो सुन लो एक कहानी
मम्मी उस को डाँट पिलाए या दीदी धमकाए
कहती है कहना मानूँगी करती है मन-मानी
सुन लो एक कहानी बच्चो सुन लो एक कहानी
तब तक सोती ही नहीं हरगिज़ देर हो चाहे कितनी
ये हर रात को सुन नहीं लेती जब तक एक कहानी
सुन लो एक कहानी बच्चो सुन लो एक कहानी
चूहे और बिल्ली की लड़ाई सौदागर और बंदर
नन्हे मुन्ने क़िस्से उस को सब ही याद ज़बानी
सुन लो एक कहानी बच्चो सुन लो एक कहानी
इक दिन झूला झूल रही थी अपने घर के बाहर
टूट गई झूले की रस्सी नीचे गिर गई रानी
सुन लो एक कहानी बच्चो सुन लो एक कहानी
गिरते ही वो ज़ोर से रोई चीख़ी और चिल्लाई
लत-पत हो गई नीचे थी कुछ कीचड़ और कुछ पानी
सुन लो एक कहानी बच्चो सुन लो एक कहानी
रोती रोती घर में आई सब ने हँसी उड़ाई
कीचड़ में सब डूब चुका था उस का कुर्ता धानी
सुन लो एक कहानी बच्चो सुन लो एक कहानी
पहले तो बे-चारी समझी हमदर्दी कुछ होगी
सब का हँसना बुरा लगा तो ज़ोर से रोई रानी
सुन लो एक कहानी बच्चो सुन लो एक कहानी
थोड़ी देर में सूख गए सब उस के गीले कपड़े
कपड़े जब सूखे तो भागी फिर झूले को रानी
सुन लो एक कहानी बच्चो सुन लो एक कहानी
अब के बच्चो ग़ौर से तुम झूले को देखते रहना
फिर न कहीं झूले से कीचड़ में गिर जाए रानी
और सुनाई है जो हम ने तुम को एक कहानी
फिर ये हम को सारी की सारी न पड़े दुहरानी
सुन लो एक कहानी बच्चो सुन लो एक कहानी















