ये फ़िक्र और ये देखभाल उन को जलाने के लिए
हाए हमारा इस्तिमाल उन को जलाने के लिए
और हर पुराने को सबक़ देना ज़रूरी हो गया
लो फिर नया बकरा हलाल उन को जलाने के लिए
वो आ लगे सीने हमारे और नज़र थी ग़ैर पर
पूछा गया था हाल-चाल उन को जलाने के लिए
जी उन की तस्वीरों तले आशिक़ हैं लिखते शा'इरी
और दिल की ईमो लाल-लाल उन को जलाने के लिए
अब इश्क़ के खंडर में बस शिकवों का मलबा रह गया
इक याद है और है मलाल उन को जलाने के लिए
जी भी जला जाँ भी जली जल के तकब्बुर ख़ाक है
इक शौक़ में दिल पायमाल उन को जलाने के लिए
अब हर तरह से कीर्ती करना पड़ेगा सब्र ही
तू शुक्र कर या कर मलाल उन को जलाने के लिए















