दुख छुपाना बहुत ज़रूरी है
मुस्कुराना बहुत ज़रूरी है
जाने वालों से हम ने सीखा है
पास आना बहुत ज़रूरी है
अब तलक सुन लिया बहुत मैंने
अब सुनाना बहुत ज़रूरी है
एक बीमार है बहुत बीमार
देख आना बहुत ज़रूरी है
'इश्क़ दोनों को है तो दोनों को
अब निभाना बहुत ज़रूरी है
काम कोई करो ये ध्यान रहे
दिल लगाना बहुत ज़रूरी है
घर तो बन ही गया मगर घर को
घर बनाना बहुत ज़रूरी है
कैसा इंसान था जो कहता था
ज़हर खाना बहुत ज़रूरी है
रूठ कर कह रहा मिरा महबूब
अब मनाना बहुत ज़रूरी है
Read Full