अब नए सपने सजाना आप को शादी मुबारक
रात दिन बस मुस्कुराना आप को शादी मुबारक
याद करवाई थी मैं ने जो ग़ज़ल मेरी कभी वो
हो सके तो भूल जाना आप को शादी मुबारक
जानता हूँ मन करेगा बात करलें इक दफ़ा बस
फ़ोन लेकिन मत लगाना आप को शादी मुबारक
दूर अब माँ बाप से घर से हमेशा ही रहोगे
वक़्त पर खा लेना खाना आप को शादी मुबारक
आपसे ये इल्तिजा, मैं जब कभी टीवी पे आऊँ
आप चैनल मत हटाना, आप को शादी मुबारक
पूछ ले कोई सहेली क्या हुआ उस इश्क़ का तो
दोष मुझ पर ही लगाना आप को शादी मुबारक
आपने शादी रचाई तो मेरी उम्मीद टूटी
शुक्रिया करता दीवाना आप को शादी मुबारक
— Tanoj Dadhich















