तेरी चाहत ही मार डालेगी
दिल की हसरत ही मार डालेगी
ऐसा लगता है एक दिन मुझ को
ये मोहब्बत ही मार डालेगी
तुम से अब फ़ासला ही बेहतर है
वर्ना ये लत ही मार डालेगी
कुछ तो मर जाएँगे मुसीबत में
कुछ को दहशत ही मार डालेगी
मत बताओ के कैसे जीना है
ये नसीहत ही मार डालेगी
फिर किसी क़ैस को मुहब्बत में
उस की वहशत ही मार डालेगी
दोनों रुसवा हुए मुहब्बत में
उन को तोहमत ही मार डालेगी
जो परिंदे क़फ़स में हैं, उन को
ये हिफ़ाज़त ही मार डालेगी
प्यार इंसान की ज़रूरत है
ये ज़रूरत ही मार डालेगी
— Neeraj Naveed















