main ne yuñ dekha use jaise k | मैं ने यूँँ देखा उसे जैसे कभी देखा न था

  - Akhtar Hoshiyarpuri

मैं ने यूँँ देखा उसे जैसे कभी देखा न था
और जब देखा तो आँखों पर यक़ीं आता न था

बाम-ओ-दर से सख़्त बारिश में भी उट्ठेगा धुआँ
यूँँ भी होता है मोहब्बत में कभी सोचा न था

आँधियों को रौज़न-ए-ज़िंदाँ से हम देखा किए
दूर तक फैला हुआ सहरा था नक़्श-ए-पा न था

लोग लाए हैं कहाँ से शब को मरमर के चराग़
उन चटानों में तो दिन को रास्ता पैदा न था

शहर की हंगामा-आराई में खो कर रह गया
मैं कि अपने घर में भी मुझ को सुकूँ मिलता न था

बर्फ़ अपने-आप घुल जाती है सूरज हो न हो
शाम से पहले ये जाना था मगर समझा न था

उन दिनों भी शहर में सैलाब आते थे बहुत
वादियों में जब कहीं बादल अभी बरसा न था

रात की तन्हाइयों में जिस से चौंक उठ्ठे थे हम
अपनी ही आवाज़ थी शो'ला कोई चमका न था

वो भी सच कहते हैं 'अख़्तर' लोग बेगाने हुए
हम भी सच्चे हैं कि दुनिया का चलन ऐसा न था

  - Akhtar Hoshiyarpuri

Love Shayari

Our suggestion based on your choice

More by Akhtar Hoshiyarpuri

As you were reading Shayari by Akhtar Hoshiyarpuri

Similar Writers

our suggestion based on Akhtar Hoshiyarpuri

Similar Moods

As you were reading Love Shayari Shayari