जीवन का हर गीत लिखेंगे हिंदी में
हम कान्हा की प्रीत लिखेंगे हिंदी में
परभाषा परसंस्कृति भी सीखेंगे
पर अपने संगीत लिखेंगे हिंदी में
प्यारी हैं सारी सखियाँ ही कान्हा को
मीरा के मनमीत लिखेंगे हिंदी में
भूषण के जयघोष रश्मियाँ दिनकर की
बच्चन के प्रियगीत लिखेंगे हिंदी में
जब जब धरती पर कंटक मंडरायेंगे
केशव रण की रीत लिखेंगे हिंदी में
गर्वित हो! पृथ्वी राणा के गौरव से
कायर को भयभीत लिखेंगे हिंदी में
लाख भेड़िये, सिंह अकेला भारी था
हम राणा की जीत लिखेंगे हिंदी में
— Aman G Mishra















