jo ab bhi na takleef farmaiyega | जो अब भी न तकलीफ़ फ़रमाइएगा

  - Jigar Moradabadi

जो अब भी न तकलीफ़ फ़रमाइएगा
तो बस हाथ मलते ही रह जाइएगा

निगाहों से छुप कर कहाँ जाइएगा
जहाँ जाइएगा हमें पाइएगा

मेरा जब बुरा हाल सुन पाइएगा
ख़िरामां-ख़िरामां चले आईएगा

मिटा कर हमें आप पछ्ताइएगा
कमी कोई महसूस फ़रमाइएगा

नहीं खेल नासेह जुनूं की हक़ीक़त
समझ लीजिएगा तो समझाइएगा

हमें भी ये अब देखना है कि हम पर
कहाँ तक तवज्जोह न फ़रमाइएगा

सितम 'इश्क़ में आप आसां न समझें
तड़प जाइएगा जो तड़पाइएगा

ये दिल है इसे दिल ही बस रहने दीजे
करम कीजिएगा तो पछ्ताइएगा

कहीं चुप रही है ज़बान-ए-मोहब्बत
न फ़रमाइएगा तो फ़रमाइएगा

भुलाना हमारा मुबारक-मुबारक
मगर शर्त ये है न याद आईएगा

हमें भी न अब चैन आएगा जब तक
इन आँखों में आंसू न भर लाइएगा

तेरा जज़्बा-ए-शौक़ है बे-हक़ीक़त
ज़रा फिर तो इरशाद फ़रमाइएगा

हमीं जब न होंगे तो क्या रंग-ए-महफ़िल
किसे देख कर आप शरमाइएगा

मोहब्बत-मोहब्बत ही रहती है लेकिन
कहाँ तक तबीअत को बहलाइएगा

न होगा हमारा ही आग़ोश ख़ाली
कुछ अपना भी पहलू तही पाइएगा

जुनूं की 'जिगर' कोई हद भी है आख़िर
कहाँ तक किसी पर सितम ढाइएगा

  - Jigar Moradabadi

Bechaini Shayari

Our suggestion based on your choice

More by Jigar Moradabadi

As you were reading Shayari by Jigar Moradabadi

Similar Writers

our suggestion based on Jigar Moradabadi

Similar Moods

As you were reading Bechaini Shayari Shayari