वफ़ा की शर्ते जफ़ा की शर्ते अगर यही है अदा करेंगे
वफ़ा के बदले वफ़ा करेंगे जफ़ा के बदले जफ़ा करेंगे
ये ऐन क्या है ये शीन क्या है ये क़ाफ़ क्या है हमें पता है
हमारा इस में हुआ न कुछ तो तुम्हारी ख़ातिर दुआ करेंगे
किसे पता था किसे ख़बर थी गुमाँ हमारा ग़लत ही होगा
तुम्हारे जाने के बा'द हम भी हँसी-ख़ुशी से जिया करेंगे
वो महजबीं है वो रागनी है वो तो बला की हसीं है लेकिन
ये दिल किसी से लगा नहीं तो तुम्हीं बताओ वो क्या करेंगे
रहेंगे कब तक तुम्हारे ग़म में उदास चेहरा लिए हुए हम
निकल के अब हम तुम्हारे ग़म से मोहब्बतों की दवा करेंगे
तेरे इलावा भी इस नगर में कई सुख़न-वर भटक रहे हैं
बुला के सब को सजा के महफ़िल नई ग़ज़ल हम सुना करेंगे
निकाल फेंको पुराने पर्चे नई किताबों से तुम वगरना
तुम्हारे बच्चे भी आह भर के हमारे क़िस्से पढ़ा करेंगे
लगा के रक्खे अभी से पौधे ये छाँव देंगे मुसाफ़िरों को
उन्हीं दरख़्तों पे फिर परिंदे बसा के दुनिया उड़ा करेंगे
हम ऐसी दुनिया में जी रहे हैं जहाँ पे मरना तो लाज़मी है
मगर क़सम से सुख़नवरों के कलाम ज़िंदा रहा करेंगे















