बड़ी मुश्किल में रहता हूँ वो जब भी रूठ जाती है
जो पहली पास आती है तो दूजी रूठ जाती है
उदासी साथ होती है मेरे जब रूठती हो तुम
तुम्हारे साथ होता हूँ उदासी रूठ जाती है
या तीनों साथ रहते हैं या रहते हैं अकेले तीन
अगर हम एक या दो हों तो चौथी रूठ जाती है
कभी कह दूँ मैं तंग आ कर अकेला छोड़ दो मुझ को
जुदा होती नहीं वो पर ज़रा सी रूठ जाती है
अधूरे लोग हैं हम और आपस में जुड़े हैं यूँ
अगर किरदार ख़ुश हों तो कहानी रूठ जाती है
— KUNAL















