मैं नहीं जानती ख़ुशी क्या है
मासिवा ग़म के बेबसी क्या है
भाइयों में तनातनी क्या है
ये बताओ कि बरहमी क्या है
जिन को धोखे मिले मुहब्बत में
उन से पूछो कि आशिक़ी क्या है
मौत जब सामने खड़ी देखी
तब ये जाना कि ज़िन्दगी क्या है
ख़ूब लड़ता है ये ज़माने से
दिल सिकन्दर है फिर कमी क्या है
नूर तेरा अलग है दुनिया में
चाँद तारों की रौशनी क्या है
पढ़ते हो तुम कलाम औरों का
शा'इरी की ये रहजनी क्या है
तेरी आँखों से पी के देखेंगे
और जानेंगे मयकशी क्या है
मैं अदू की मुरीद हूँ 'मीना'
उस ने बतलाया दुश्मनी क्या है
— Meena Bhatt















