होता आसानी से है सब को मुयस्सर पत्थर
इस लिए लोग रखा करते है दिल पर पत्थर
मार सकते हैं मुझे आप सभी वैसे ही
क़ैस को मारा गया जैसे चला कर पत्थर
आपने मेरी तरफ़ जो यूँ उछाले हैं तो
हो गए मेरे लिए फूल बराबर पत्थर
हर बला आप तलक हम से ही होकर गुज़रे
आप के पाँव हों गुल और मिरे सर पत्थर
आपसे बात करूँ जब भी यही लगता है
आप के लहजे से है ज़्यादा ही बेहतर पत्थर
इक क़दम आप मेरी ओर नहीं चल सकते
आप की ओर चलूँ कितना मैं पत्थर पत्थर
आप के बा'द बदलने को बहुत बदला है
हो गया आप का आकाश सरासर पत्थर
— Aakash Giri















