हिजाब उट्ठे हैं लेकिन वो रू-ब-रू तो नहीं
शरीक-ए-इश्क़ कहीं कोई आरज़ू तो नहीं
ये ख़ुद-फ़रेबी-ए-एहसास-ए-आरज़ू तो नहीं
तिरी तलाश कहीं अपनी जुस्तुजू तो नहीं
सुकूत वो भी मुसलसल सुकूत क्या मअनी
कहीं यही तिरा अंदाज़-ए-गुफ़्तुगू तो नहीं
उन्हें भी कर दिया बेताब-ए-आरज़ू किस ने
मिरी निगाह-ए-मोहब्बत कहीं ये तू तो नहीं
कहाँ ये इश्क़ का आलम कहाँ वो हुस्न-ए-तमाम
ये सोचता हूँ कि मैं अपने रू-ब-रू तो नहीं
निगाह-ए-शौक़ से ग़ाफ़िल समझ न जल्वों को
शराब कुछ भी हो बे-गाना-ए-सुबू तो नहीं
ख़ुशी से तर्क-ए-मोहब्बत का अहद ले ऐ दोस्त
मगर ये देख तिरा दिल लहू लहू तो नहीं
न गर्द-ए-राह है रुख़ पर न आँख में आँसू
ये जुस्तुजू भी सही उस की जुस्तुजू तो नहीं
चमन में रखते हैं काँटे भी इक मक़ाम ऐ दोस्त
फ़क़त गुलों से ही गुलशन की आबरू तो नहीं
Our suggestion based on your choice
As you were reading Shayari by Ummeed Fazli
our suggestion based on Ummeed Fazli
As you were reading Hasrat Shayari Shayari