झील-सी आँखों का क़िस्सा अब पुराना हो गया
डूब कर दिन बीत जाता था ज़माना हो गया
इश्क़ की रहमत तो देखो क्या ग़ज़ब करता है ये
नाम उस का ले लिया मौसम सुहाना हो गया
हाल दिल का पूछती हो मुझ सेे अब मैं क्या कहूँ
तीर जो तुम ने चलाया मैं निशाना हो गया
इन दरख़्तों से उड़े बाग़ी परिंदों का मक़ाम
आसमाँ होना था लेकिन क़ैद-ख़ाना हो गया
एक ही हसरत थी दिल में और वो पूरी हुई
नींद को मेरी मुयस्सर तेरा शाना हो गया
कितना आसाँ है यहाँ पर कुछ भी पा लेना मुझे
मानना है पा लिया और जो भी माना हो गया
Read Full