ये दिल फिर टूटता है इत्तिफ़ाक़न
मुझे तू फिर मिला है इत्तिफ़ाक़न
क़सम तेरी मैं पत्थर बन चुका हूँ
ये ऑंसू गिर रहा है इत्तिफ़ाक़न
निगूँ रहता था जो पहलू में तेरे
वो सर अब कट चुका है इत्तिफ़ाक़न
जो आया बा'द तेरे उस का चेहरा
तिरे चेहरे ही सा है इत्तिफ़ाक़न
तुझे मुझ से भी बदतर मिल गया है
ये मेरी बद-दुआ है इत्तिफ़ाक़न
मुझे हर जानलेवा हादसे में
तिरा चेहरा दिखा है इत्तिफ़ाक़न
बिल-आख़िर आज उस खाई किनारे
तिरा बेटा खड़ा है इत्तिफ़ाक़न
पुराना था हवा से गिर पड़ा था
नया पंखा लगा है इत्तिफ़ाक़न
इमरजेंसी के ख़ाने में अभी तक
तिरा नंबर लिखा है इत्तिफ़ाक़न
था वा'दा तो न मुॅंह लगने का यूशा
अचानक लब हिला है इत्तिफ़ाक़न















