तुझ से गिरवीदा यक ज़माना रहा

कुछ फ़क़त मैं ही मुब्तला न रहा

आप को अब हुई है क़द्र-ए-वफ़ा
जब कि मैं लाइक़-ए-जफ़ा न रहा

राह-ओ-रस्म-ए-वफ़ा वो भूल गए
अब हमें भी कोई गिला न रहा

हुस्न ख़ुद हो गया ग़रीब-नवाज़
इश्क़ मुहताज-ए-इल्तेजा न रहा

बस-कि नज़्ज़ारा-सोज़ था वो जमाल
होश-ए-नज़्ज़ारगी बजा न रहा

मैं कभी तुझ से बद-गुमाँ न हुआ
तू कभी मुझ से आश्ना न रहा

आप का शौक़ भी तो अब दिल में
आप की याद के सिवा न रहा

और भी हो गए वो ग़ाफ़िल-ए-ख़्वाब
नाला-ए-सुब्ह-ए-ना-रसा न रहा

हुस्न का नाज़ आशिक़ी का नियाज़
अब तो कुछ भी वो माजरा न रहा

इश्क़ जब शिकवा संज-ए-हुस्न हुआ
इल्तिजा हो गई गिला न रहा

हम भरोसे पे उन के बैठ रहे
जब किसी का भी आसरा न रहा

मेरे ग़म की हुई उन्हें भी ख़बर
अब तो ये दर्द ला-दवा न रहा

आरज़ू तेरी बरक़रार रहे
दिल का क्या है रहा रहा न रहा

हो गए ख़त्म मुझ पे जौर-ए-फ़लक
अब कोई मोरिद-ए-बला न रहा

जब से देखी अबुल-कलाम की नस्र
नज़्म-ए-'हसरत' में भी मज़ा न रहा

— Hasrat Mohani

More by Hasrat Mohani

Other ghazal from the same pen

See all from Hasrat Mohani →

Hasrat Shayari

Shers of hasrat.

All Hasrat Shayari poetry →

Similar writers

Voices in the same orbit

Browse by mood

Poetry by feeling