दिल जो ज़ेर-ए-ग़ुबार अक्सर था
कुछ मिज़ाज इन दिनों मुकद्दर था
इस पे तकिया किया तो था लेकिन
रात-दिन हम थे और बिस्तर था
सरसरी तुम जहाँ से गुज़रे
वर्ना हर जा जहान-ए-दीगर था
दिल की कुछ क़दर करते रहियो तुम
ये हमारा भी नाज़-परवर था
बा'द यक 'उम्र जो हुआ मा'लूम
दिल उस आईना-रू का पत्थर था
बारे सज्दा अदा किया तह-ए-तेग़
कब से ये बोझ मेरे सर पर था
क्यूँँ न अब्र-ए-सियह सफ़ेद हवा
जब तलक अहद-ए-दीदा-ए-तर था
अब ख़राबा हुआ जहानाबाद
वर्ना हर इक क़दम पे याँ घर था
बे-ज़री का न कर गिला ग़ाफ़िल
रह तसल्ली कि यूँँ मुक़द्दर था
इतने मुनइ'म जहान में गुज़रे
वक़्त रेहलत के किस कने ज़र था
साहिब-ए-जाह-ओ-शौकत-ओ-इक़बाल
इक अज़ाँ जुमला अब सिकंदर था
थी ये सब काएनात ज़ेर-ए-नगीं
साथ मोर-ओ-मलख़ सा लश्कर था
लाल-ओ-याक़ूत हम ज़र-ओ-गौहर
चाहिए जिस क़दर मुयस्सर था
आख़िर-ए-कार जब जहाँ से गया
हाथ ख़ाली कफ़न से बाहर था
ऐब तूल-ए-कलाम मत करियो
क्या करूँँ मैं सुख़न से ख़ूगर था
ख़ुश रहा जब तलक रहा जीता
'मीर' मा'लूम है क़लंदर था
Our suggestion based on your choice
As you were reading Shayari by Meer Taqi Meer
our suggestion based on Meer Taqi Meer
As you were reading Khushi Shayari Shayari