jo shab-e-siyaah se dar gaye kisi shaam hi mein bhatk gaye | जो शब-ए-सियाह से डर गए किसी शाम ही में भटक गए

  - Anand Narayan Mulla

जो शब-ए-सियाह से डर गए किसी शाम ही में भटक गए
वही ताजदार-ए-सहर बने जो सियाहियों में चमक गए

न बनाया मुँह किसी जाम पर न लगाया दिल किसी जाम से
जो लबों तक आए वो पी लिए जो छलक गए वो छलक गए

है हयात-ए-जेहद नफ़स नफ़स रह-ए-आशियाँ है क़फ़स क़फ़स
जो न नोक-ए-ख़ार पे चल सके रह-ए-ज़िंदगी से भटक गए

तुझे कुछ ख़बर भी है मोहतसिब इसी बज़्म में तिरे सामने
लड़ें दूर ही से निगाहें कभी यूँ भी जाम खनक गए

मिरे रहनुमा-ए-सुख़न-सरा कभी मिम्बरों से उतर ज़रा
कोई गाम राह-ए-अमल में भी तिरी गुफ़्तुगू से तो थक गए

हैं न जाने कितने गुल-ए-हसीं जो छुपाए आरिज़-ए-आतिशीं
लिए अपना साग़र-ए-अम्बरीं किसी दश्त ही में महक गए

कहूँ क्या मैं ज़ीस्त की दास्ताँ उसे यूँ समझ मिरे मेहरबाँ
कभी हर्फ़-ए-बज़्म जो सुन लिया तो नज़र के जाम छलक गए

रह-ए-इल्म शक की हैं सीढ़ियाँ यही ज़ेहन ज़िंदा का है निशाँ
जिसे इख़्तिलाफ़ में हो गुमाँ वो हमीं न हों जो बहक गए

न नज़र मिली न ज़बाँ खुली छुपी फिर भी दिल की न बेकली
कभी दूर जा के पलट पड़े कभी पास जा के ठिठुक गए

चली बाद-ए-जब्र अगर तो क्या मुझे यूँ जहाँ न बुझा सका
मुझे रास आई यही हुआ मिरा शो'ले और भड़क गए

मिरे ज़ेहन-ओ-दिल की बसीरतें ग़म-ए-ज़िंदगी की हक़ीक़तें
मिरे लब पे गीत नहीं हैं वो कि जो पायलों में छनक गए

सुनें बाम-ए-होश पे जा के क्यूँ तिरी 'मुल्ला' आयत-ए-बे-मज़ा
अभी कोई इश्क़ में रात को वो ग़ज़ल सुनी कि फड़क गए

  - Anand Narayan Mulla

Jalwa Shayari

Our suggestion based on your choice

    ख़ुद हुस्न से न पूछिए तारीफ़ हुस्न की
    दीवाने से ये पूछिए दीवाना क्यूँ हुआ
    Ameer Imam
    38 Likes
    अल्लाह अल्लाह हुस्न की ये पर्दा-दारी देखिए
    भेद जिस ने खोलना चाहा वो दीवाना हुआ
    Arzoo Lakhnavi
    29 Likes
    शाम भी थी धुआँ धुआँ हुस्न भी था उदास उदास
    दिल को कई कहानियाँ याद सी आ के रह गईं
    Firaq Gorakhpuri
    39 Likes
    नज़र न आए मुझे हुस्न के सिवा कुछ भी
    वो बेवफ़ा भी अगर है तो बेवफ़ा न लगे
    Hasan naim
    19 Likes
    उस के फ़रोग़-ए-हुस्न से झमके है सब में नूर
    शम-ए-हरम हो या हो दिया सोमनात का
    Meer Taqi Meer
    26 Likes
    जिस की जानिब 'अदा' नज़र न उठी
    हाल उस का भी मेरे हाल सा था
    Ada Jafarey
    22 Likes
    हुस्न ऐसा है कि देखो तो लगे ताज-महल
    इस पे वो शख़्स सँवरता भी ग़ज़ल जैसा है
    Manazir Ashiq Harganvi
    33 Likes
    इस ज़माने को ज़माने की अदा आती है
    और एक हम है हमे सिर्फ वफ़ा आती है
    Zubair Ali Tabish
    47 Likes
    अपने दिल के ख़ून से वो गुल खिला देता हूँ मैं
    रेगज़ारों को गुलिस्ताँ की अदा देता हूँ मैं
    Qaisar Sidddiqui
    28 Likes
    मेहंदी लगाए बैठे हैं कुछ इस अदा से वो
    मुट्ठी में उन की दे दे कोई दिल निकाल के
    Riyaz Khairabadi
    27 Likes

More by Anand Narayan Mulla

As you were reading Shayari by Anand Narayan Mulla

    हवा ना-साज़गार-ए-गुल्सिताँ मा'लूम होती है
    अगर हँसती भी हैं कलियाँ फ़ुग़ाँ मा'लूम होती हैं

    ख़ुशी में अपनी ख़ुश-बख़्ती कहाँ मा'लूम होती है
    क़फ़स में जा के क़द्र-ए-आशियाँ मा'लूम होती है

    हर इक के ज़र्फ़ की वुसअ'त यहाँ मा'लूम होती है
    मोहब्बत आदमी का इम्तिहाँ मा'लूम होती है

    कभी शायद मोहब्बत का कोई हासिल निकल आए
    अभी तो राएगाँ ही राएगाँ मा'लूम होती है

    ये दिल को कर दिया कैसा किसी की कम-निगाही ने
    ज़रा सी फाँस चुभती है सिनाँ मा'लूम होती है

    खिंच आती हैं इसी साहिल पे ख़ुद दो अजनबी मौजें
    मोहब्बत एक जज़्ब-ए-बे-अमाँ मा'लूम होती है

    उफ़ुक़ ही पर अभी तक हैं तसव्वुर की हसीं शामें
    कहीं ठहरी हुई उम्र-ए-रवाँ मा'लूम होती हैं

    तुम इस हालत को क्या जानो न जानो ही तो अच्छा है
    हँसी जब आ के होंटों पर फ़ुग़ाँ मा'लूम होती है

    तिरी बे-मेहरियाँ आख़िर वो नाज़ुक वक़्त ले आएँ
    कि अपनों की मोहब्बत भी गराँ मा'लूम होती है

    नज़र आता नहीं शबनम का गिरना फूल का खिलना
    मोहब्बत की हक़ीक़त ना-गहाँ मा'लूम होती है

    चमन का दर्द है जिस दिल में तो चाहे कहीं उट्ठे
    उसे अपनी ही शाख़-ए-आशियाँ मा'लूम होती है

    नज़र फिरती थी वो पहले भी लेकिन यूँ न फिरती थी
    कुछ अब की ख़त्म होती दास्ताँ मा'लूम होती है

    अभी ख़ाकिस्तर-ए-'मुल्ला' से उठता है धुआँ कुछ कुछ
    कहीं पर कोई चिंगारी तपाँ मा'लूम होती है
    Read Full
    Anand Narayan Mulla
    मोहब्बत से भी कार-ए-ज़िंदगी आसाँ नहीं होता
    बहल जाता है दिल ग़म का मगर दरमाँ नहीं होता

    कली दिल की खिले अफ़्सोस ये सामाँ नहीं होता
    घटाएँ घिर के आती हैं मगर बाराँ नहीं होता

    मोहब्बत के एवज़ में ओ मोहब्बत ढूँडने वाले
    ये दुनिया है यहाँ ऐसा अरे नादाँ नहीं होता

    दिल-ए-नाकाम इक तू ही नहीं है सिर्फ़ मुश्किल में
    उसे इंकार करना भी तो कुछ आसाँ नहीं होता

    हँसी में ग़म छुपा लेना ये सब कहने की बातें हैं
    जो ग़म दर-अस्ल ग़म होता है वो पिन्हाँ नहीं होता

    ज़माने ने ये तख़्ती किश्त-ए-अरमाँ पर लगा दी है
    गुल इस क्यारी में आता है मगर ख़ंदाँ नहीं होता

    कहीं क्या तुम से हम अपने दिल-ए-मजबूर का आलम
    समझ में वज्ह-ए-ग़म आती है और दरमाँ नहीं होता

    मआल-ए-इख़्तिलाफ़-ए-बाहमी अफ़्सोस क्या कहिए
    हर इक क़तरे में शोरिश है मगर तूफ़ाँ नहीं होता

    दयार-ए-इश्क़ है ये ज़र्फ़-ए-दिल की जाँच होती है
    यहाँ पोशाक से अंदाज़ा-ए-इंसाँ नहीं होता

    ग़ुरूर-ए-हुस्न तेरी बे-नियाज़ी शान-ए-इस्तिग़ना
    जभी तक है कि जब तक इश्क़ बे-पायाँ नहीं होता

    सदा-ए-बाज़गश्त आती है अय्याम-ए-गुज़िश्ता की
    ये दिल वीरान हो जाने पे भी वीराँ नहीं होता

    मोहब्बत तो बजा-ए-ख़ुद इक ईमाँ है अरे 'मुल्ला'
    मोहब्बत करने वाले का कोई ईमाँ नहीं होता
    Read Full
    Anand Narayan Mulla
    आरज़ू को दिल ही दिल में घुट के रहना आ गया
    और वो ये समझे कि मुझ को रंज सहना आ गया

    पोंछता कोई नहीं अब मुझ से मेरा हाल-ए-दिल
    शायद अपना हाल-ए-दिल अब मुझ को कहना आ गया

    सब की सुनता जा रहा हूँ और कुछ कहता नहीं
    वो ज़बाँ हूँ अब जिसे दाँतों में रहना आ गया

    ज़िंदगी से क्या लड़ें जब कोई भी अपना नहीं
    हो के शल धारे के रुख़ पर हम को बहना आ गया

    लाख पर्दे इज़्तिराब-ए-शौक़ पर डाले मगर
    फिर वो इक मचला हुआ आँसू बरहना आ गया

    तुझ को अपना ही लिया आख़िर निगार-ए-इश्क़ ने
    ऐ उरूस-ए-चश्म ले मोती का गहना आ गया

    पी के आँसू सी के लब बैठा हूँ यूँ इस बज़्म में
    दर-हक़ीक़त जैसे मुझ को रंज सहना आ गया

    एक ना-शुकरे चमन को रंग-ओ-बू देता रहा
    आ गया हाँ आ गया काँटों में रहना आ गया

    लब पे नग़्मा और रुख़ पर इक तबस्सुम की नक़ाब
    अपने दिल का दर्द अब 'मुल्ला' को कहना आ गया
    Read Full
    Anand Narayan Mulla
    क्यूँ ज़ीस्त का हर एक फ़साना बदल गया
    ये हम बदल गए कि ज़माना बदल गया

    सय्याद याँ वही वही ताइर वही हैं दाम
    लेकिन जो ज़ेर-ए-दाम था दाना बदल गया

    बाज़ी-ए-हुस्न-ओ-इश्क़ में कुछ हार है न जीत
    नज़रें मिलीं दिलों का ख़ज़ाना बदल गया

    बख़्त-ए-बशर वही है बिसात-ए-जहाँ वही
    हर दौर-ए-नौ में मात का ख़ाना बदल गया

    ताक़त के दोश पर है अज़ल से बशर की लाश
    बस थोड़ी थोड़ी दूर पे शाना बदल गया

    महफ़िल के हस्ब-ए-ज़ौक़ है मुतरिब का साज़ भी
    महफ़िल बदल गई तो तराना बदल गया

    इन दाग़-हा-ए-दिल में कोई ज़ख़्म-ए-नौ नहीं
    शायद किसी नज़र का निशाना बदल गया

    'मुल्ला' को ज़ोर-ए-तब्अ हुआ फ़ैसलों की नज़्र
    दरिया अभी वही है दहाना बदल गया
    Read Full
    Anand Narayan Mulla
    रह-रवी है न रहनुमाई है
    आज दौर-ए-शिकस्ता-पाई है

    अक़्ल ले आई ज़िंदगी को कहाँ
    इश्क़-ए-नादाँ तिरी दुहाई है

    है उफ़ुक़ दर उफ़ुक़ रह-ए-हस्ती
    हर रसाई में ना-रसाई है

    शिकवे करता है क्या दिल-ए-नाकाम
    आशिक़ी किस को रास आई है

    हो गई गुम कहाँ सहर अपनी
    रात जा कर भी रात आई है

    जिस में एहसास हो असीरी का
    वो रिहाई कोई रिहाई है

    कारवाँ है ख़ुद अपनी गर्द में गुम
    पाँव की ख़ाक सर पे आई है

    बन गई है वो इल्तिजा आँसू
    जो नज़र में समा न पाई है

    बर्क़ नाहक़ चमन में है बदनाम
    आग फूलों ने ख़ुद लगाई है

    वो भी चुप हैं ख़मोश हूँ मैं भी
    एक नाज़ुक सी बात आई है

    और करते ही क्या मोहब्बत में
    जो पड़ी दिल पे वो उठाई है

    नए साफ़ी में हो न आलाइश
    यही 'मुल्ला' की पारसाई है
    Read Full
    Anand Narayan Mulla

Similar Writers

our suggestion based on Anand Narayan Mulla

Similar Moods

As you were reading Jalwa Shayari Shayari