"काग़ज़"
क्या लिखते हो काग़ज़ पर
काग़ज़ पर
एहसास लिखता हूँ काग़ज़ पर
जज़्बात लिखता हूँ काग़ज़ पर
राज़ लिखता हूँ
नज़्म लिखता हूँ काग़ज़ पर
अच्छा
लिखने वालों ने क्या नहीं लिखा काग़ज़ पर
इश्क़ से नफ़रत तक सब लिखा है काग़ज़ पर
किसी ने ख़्वाब लिखे हैं काग़ज़ पर
किसी ने मुआहिदे लिखे हैं काग़ज़ पर
मुल्क बँटे हैं काग़ज़ पर
कुछ चित्र बने हैं काग़ज़ पर
कहीं मुकदमे लिखे हैं काग़ज़ पर
किसी के अँगूठे लगे हैं काग़ज़ पर
आँसू पड़े हैं काग़ज़ पर
शायद कुछ दर्द लिखे काग़ज़ पर
किसी ने तक़रीर लिखी है काग़ज़ पर
किसी का शे'र लिखा है काग़ज़ पर
मैं ने नाम तुम्हारा लिखा है
काग़ज़ पर















