चाँद का मुँह उतरा हुआ है आज
घंटों आसमान में दूर तक पैदल चला है
कोई बादल नहीं दिखा जो थोड़ी दूर तक साथ चले
सितारों ने भी अपना अपना झुंड बना लिया है
एक झुंड का सितारा दूसरे से बात नहीं कर रहा
वो जो पेड़ की शाख थी जिस पे रुककर चाँद थोड़ी देर सुस्ताता था
किसी ने काट डाला है उस शाख को
चाँद रूआंसा सा हो गया है उसे देख कर
लिपट कर रोना चाहता है उस पेड़ से
दिलासा देना चाहता है
एक चेहरा जो छत की मुंडेर पर आ कर चाँद को ताका करता था
आज अभी तक दिखा नहीं
चाँद सोच में है क्या हुआ होगा
बार बार नजरें उस चेहरे को ढूँढ़ती हुई मुंडेर पर चली जाती हैं
हवा में ठंडक बढ़ती जा रही है
चाँद ख़ुद में सिकुड़ना चाह रहा है
एक बूढ़ा बाबा जो घर के सामने खाट डालकर लेटा रहता था,और गुनगुनाता रहता था विरह के गीत अपनी बिछड़ी हुई बूढ़ी के लिए
उस से कंबल उधार ले कर थोड़ी देर को सुस्ताना चाहता है चाँद और गुनगुनाना चाहता है वही गीत किसी की याद में















