भाई से भाई की तकरार का मतलब क्या है
घर के आँगन में ये दीवार का मतलब क्या है
मेरे इज़हार का मतलब है मोहब्बत तुझ से
तू बता दे तेरे इनकार का मतलब क्या है
देखने वालों को क्या इल्म के दीदार है क्या
पूछ नाबीना से दीदार का मतलब क्या है
सब सुख़नवर मेरे रूख़सार को लिखते हैं शर्तुम बताओ मेरे रुख़सार का मतलब क्या है
आप महरूम हैं तारीख़ से कर्बल की मियाँ
आप क्या जानें वफ़ादार का मतलब क्या है
मिल गया तोहफ़े में जब यार से ये ज़ख़्म-ए जिगर
तब समझ आया के अग्यार का मतलब क्या है
ख़ाक समझेंगे ये दस्तार को दुनिया के अमीर
पूछ मुफ़लिस से के दस्तार का मतलब क्या है
आइये उठिए चलें चलते हैं हम दश्त-ए-जुनूँ
क़ैस बतलाएँगे ग़मख़्वार का मतलब क्या है
'उम्र भर दरमियाँ ख़ारों के रहे गुलशन में
फूल क्या जानें भला प्यार का मतलब क्या है
पूछ मत 'इश्क़ के बीमार का मतलब मुर्शिद
देख ले 'इश्क़ के बीमार का मतलब क्या है
करबला की ज़रा तारीख़ उठाकर पढ़ ले
ख़ुद समझ जाएगा तू यार का मतलब क्या है
ये ख़रीदार नहीं जानते बाज़ार है क्या
पूछ यूसुफ़ से के बाज़ार का मतलब क्या है
पूछता फिरता हूँ हर शख़्स से बस्ती में शजर
भाई ये साहिब-ए-किरदार का मतलब क्या है
Our suggestion based on your choice
As you were reading Shayari by Shajar Abbas
our suggestion based on Shajar Abbas
As you were reading Duniya Shayari Shayari