यक़ीन है न गुमाँ है ज़रा सँभल के चलो
अजीब रंग-ए-जहाँ है ज़रा सँभल के चलो
सुलगते ख़्वाबों की बस्ती है रह-गुज़ार-ए-हयात
यहाँ धुआँ ही धुआँ है ज़रा सँभल के चलो
रविश रविश है गुज़र-गाह-ए-निकहत-ए-बर्बाद
कली कली निगराँ है ज़रा सँभल के चलो
जो ज़ख़्म दे के गई है अभी नसीम-ए-सहर
सुकूत-ए-गुल से अयाँ है ज़रा सँभल के चलो
ख़िराम-ए-नाज़ मुबारक तुम्हें मगर ये दिल
मता-ए-शीशा-गराँ है ज़रा सँभल के चलो
सुराग़-ए-हश्र न पा जाएँ देखने वाले
हुजूम-ए-दीदा-वराँ है ज़रा सँभल के चलो
यहाँ ज़मीन भी क़दमों के साथ चलती है
ये आलम-ए-गुज़राँ है ज़रा सँभल के चलो















