maze 'ishq ke kuchh vahii jaante hain | मज़े 'इश्क़ के कुछ वही जानते हैं

  - Dagh Dehlvi

मज़े 'इश्क़ के कुछ वही जानते हैं
कि जो मौत को ज़िंदगी जानते हैं

शब-ए-वस्ल लीं उन की इतनी बलाएँ
कि हमदम मिरे हाथ ही जानते हैं

न हो दिल तो क्या लुत्फ़-ए-आज़ार-ओ-राहत
बराबर ख़ुशी ना-ख़ुशी जानते हैं

जो है मेरे दिल में उन्हीं को ख़बर है
जो मैं जानता हूँ वही जानते हैं

पड़ा हूँ सर-ए-बज़्म मैं दम चुराए
मगर वो इसे बे-ख़ुदी जानते हैं

कहाँ क़द्र-ए-हम-जिंस हम-जिंस को है
फ़रिश्तों को भी आदमी जानते हैं

कहूँ हाल-ए-दिल तो कहें उस से हासिल
सभी को ख़बर है सभी जानते हैं

वो नादान अंजान भोले हैं ऐसे
कि सब शेवा-ए-दुश्मनी जानते हैं

नहीं जानते इस का अंजाम क्या है
वो मरना मेरा दिल-लगी जानते हैं

समझता है तू 'दाग़' को रिंद ज़ाहिद
मगर रिंद उस को वली जानते हैं

  - Dagh Dehlvi

Akhbaar Shayari

Our suggestion based on your choice

More by Dagh Dehlvi

As you were reading Shayari by Dagh Dehlvi

Similar Writers

our suggestion based on Dagh Dehlvi

Similar Moods

As you were reading Akhbaar Shayari Shayari