वो शब के साथ रहे या सहर का हो जाये
उसे ये हक़ है कि चाहे जिधर का हो जाये
नज़र उठाये तो कर दे वो आफ़ताब को राख
किसी के बस में नहीं उस नज़र का हो जाये
छुपे ही रहने दे ज़ख़्मों को,खींच मत चादर
बुरा न हाल कहीं चारागर का हो जाये
जो बेहुनर थे तिरे शहर में, हुए वो शाह
मैं सोचता था यहाँ कुछ हुनर का हो जाये
बिछड़ने वाले बिछड जा मगर यही डर है
बिछड के मुझ सेे न तू दर ब दर का हो जाये
उठा के लाश मेरी क़ब्र में लिटा दे दोस्त
थका हुआ ये मुसाफ़िर भी घर का हो जाये
ख़ुदा करे कि ज़माना बिठाये पलकों पर
मैं चाहता हूँ वो हर इक नज़र का हो जाये
Read Full