तुम ने कभी न समझा इस सादगी का मतलब

तुम को पता लगेगा मेरी कमी का मतलब

ग़म झेल कर भी सारे तुम मुस्कुरा रहे हो
शायद समझ गए हो तुम ज़िंदगी का मतलब

आदत यही है तेरी हँस हँस के बात करना
मैं देर से हूँ समझा तेरी हँसी का मतलब

बेटी के पास बैठे शादी के दिन पिता जी
समझाने फिर लगे वो शर्मिंदगी का मतलब

मछली को जैसे पानी तुम वैसे मुझ को जानी
अब तो जनाब समझो तुम लाज़मी का मतलब

वो दूर दूर रहना पूछो तो कुछ न कहना
मेरे अलावा भी था वो तब किसी का मतलब

कहता है ठीक है सब रखता छुपा के हर दम
इक आदमी ही जाने इक आदमी का मतलब

हो शे'र ये किसी का या हो ग़ज़ल किसी की
मेरे लिए तो तुम हो हर शा'इरी का मतलब

क्यूँ बाप मर गया था पंखे से यूँ लटक कर
बेटे को क्या बताए माँ ख़ुद-कुशी का मतलब

— Anuj Vats

More by Anuj Vats

Other ghazal from the same pen

See all from Anuj Vats →

Similar writers

Voices in the same orbit

Browse by mood

Poetry by feeling